
अंबिकापुर। क्रेडिट कार्ड का शुल्क बकाया होने का झांसा देकर जालसाज ने अंबिकापुर के मिशन अस्पताल के पास केदारपुर निवासी रितेश गुप्ता से एक लाख से अधिक की साइबर ठगी कर ली। साइबर सेल की मदद से सरगुजा पुलिस ने जालसाज ऊपर तीनघारा थाना मोहनपुर जिला देवघर निवासी मुन्ना कुमार सिंह (20) को खोज निकाला। आरोपित ने 50 हजार नकद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल पुलिस के पास जमा कर दिया है। पुलिस ने प्रविधानों के तहत आरोपित को नोटिस जारी कर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। पुलिस के अनुसार अंबिकापुर के रितेश कुमार गुप्ता के पास घटना दिवस 23 दिसंबर 23 को फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया था। जालसाज ने क्रेडिट कार्ड का पेनाल्टी ड्यू होने की बात कहकर मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रोसेस कराकर अलग- अलग ट्रांजेक्शन में कुल एक लाख 380 रूपये की ठगी किया था। पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा ने आरोपीत की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान आरोपित के सम्बन्ध में साइबर सेल से तकनिकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु देवघर झारखण्ड रवाना किया गया था। पुलिस टीम द्वारा आरोपित को पकड़ पूछताछ किया गया। आरोपित मुन्ना कुमार सिंह के कब्जे से ठगी की 50 हजार रुपये नकद एवं घटना में प्रयुक्त एक नग मोबाइल बरामद किया गया हैं। आरोपित के विरुद्ध धारा 41 (ए) सीआरपीसी के निहित प्रविधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं। कार्रवाई में उप निरीक्षक अर्जुन यादव, उप निरीक्षक अभिषेक दुबे,प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक सुयश पैकरा, अशोक यादव शामिल रहे।

























