बलौदा। कोरबी अचानकपुर के 19 किसानों के खाते में डेढ़ महीने बाद भी नहीं धान खरीदी की अंतर की राशि नहीं आई है। इससे किसान परेशान है और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अंतर की राशि शीघ्र दिलाने की मांग की है। शिवरीनारायण मठ मंदिर ट्रस्ट की सौ एकड़ खेती बलौदा के पास ग्राम कोरबी में होती है। कोरबी के अचानकपुर मोहल्ले के 19 किसान ट्रस्ट की खेती अधिया/ठेका में बरसों से करते आ रहें है। किसानों ने बताया कि राज्य शासन ने धान बिक्री का समर्थन मूल्य 3100 रुपए किया है। शासन द्वारा 2183 रुपए के हिसाब से भुगतान दिया गया और शेष 917 रुपए की अंतर की राशि को बाद में देने का वादा किया गया। 12 मार्च को सभी किसानों के खाते में अंतर की राशि 917 रुपए डाल दी,लेकिन इन 19 किसानों के खाते में अंतर की राशि नहीं आई है। इससे किसानों में आक्रोश है। किसानों ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा किसानों से अधिया-ठेका की राशि की मांग की जा रही है, लेकिन जब तक उन्हें पूरी राशि नहीं मिलेगी तो वे ट्रस्ट को पैसा कहां से देंगे। किसानों ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर अंतर की राशि 917 रुपए शीघ्र ही उन्हें दिलाने की मांग की है। किसान तेरस राम, गोवर्धन प्रसाद, माखन लाल, शिव प्रसाद, सन्तोष पाठक, छेदीलाल, सुभाष यादव, खिखराम, गिरधर, रामफल, सुक्रित, सुरित राम, अशोक, जयेंद्र, सुमेंद्र राम, रामखिलावन, तरुण यादव, संतराम, मालीकराम को धान की अंतर राशि जारी नहीं हुई है।