कोलकाता। टीएमसी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा है। पंचायत चुनावों में हुई हिंसा को लेकर अभिषेक ने कहा कि भाजपा के गुंडे अब कार्रवाई से बचने के लिए न्यायपालिका से संरक्षण मांग रहे हैं। बंगाल में भाजपा ने अपना आधार खो दिया है। विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए भाजपा हिंसा का सहारा ले रही है। अभिषेक ने कहा कि हम हिंसा के खिलाफ हैं। पंचायत चुनावों के परिणामों की घोषणा होने के बाद से राज्य भर में भाजपा ने आतंक मचा रखा है। नंदीग्राम में भाजपा ने कुछ सीटे जीती हैं। वहां भाजपा के गुंडे टीएमसी कार्यकर्ताओं को उनके घरों से बाहर निकाल रहे हैं। उन्हें पीट रहे हैं। महिलाओं के साथ बलात्कार करने की धमकी दे रहे हैं। बता दें, नंदीग्राम भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष शुवेंदु अधिकारी का विधानसभा क्षेत्र है। अभिषेक ने आगे कहा कि पीडि़तों ने 20 उपद्रवियों के नामों की सूची सौंपी है, जिन्होंने नंदीग्राम में हिंसा की है। हम यह सूची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सौंपेंगे। अब भाजपा के गुंडे कार्रवाई से बचने के लिए न्यायिक संरक्षण की मांग कर रहे हैं।