कोरबा। दिन भर की व्यस्तता से फुर्सत होने के बाद लोगों को आराम कुछ घंटे बिताने के लिए नगर निगम ने वार्ड संख्या 12 शारदा विहार में पार्क बनाया है और इस पर भारी भरकम राशि खर्च करने के साथ संसाधन लगाए हैं। लोकार्पण के बाद कुछ समय तक हालात ठीक रहे। शिकायत है कि कुछ दिनों से शाम को अराजक तत्व यहां पहुंचने के साथ माहौल खराब कर रहे हैं। इससे सुरक्षा कर्मी डरे हुए हैं। पुलिस ने इस पर जानकारी ली। रेलवे क्रासिंग से मुड़ापार बायपास जाने वाले मार्ग पर मुड़ादाई मंदिर के पास नगर निगम कोरबा ने दो वर्ष पहले विशाल पार्क बनाना मंजूर किया था। पिछले वर्ष यह तैयार हुआ। बच्चों के लिए झूले और अन्य लोगों के लिए पथवे से लेकर ओपन जिम तैयार की गई। प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षेत्र के बच्चों से लेकर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग यहां पहुंचते हैं। सुबह और शाम की सैर करने के साथ लोग शारीरिक अभ्यास भी करते हैं और सुकुन का एहसास करते हैं। पार्क में व्यवस्था के दृष्टिकोण से दो सुरक्षा कर्मी नियोजित किये गए हैं जिनके सामने गुंडा तत्वों की नशाखोरी और धमकी-चमकी की बड़ी चुनौती है। कुछ दिनों से यह सिलसिला जारी है। पिछली शाम महिला गार्ड ने ऐसा करने से रोका तो उससे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। हो हल्ला होने पर बदमाश यहां से भाग गए। क्षेत्र के नागरिकों ने इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम यहां पहुंची और वस्तुस्थिति को जाना। सामाजिक कार्यकर्ता मिथलेश पांडेय ने बताया कि लोगों के स्वस्थ मनोरंजन और दिन के कुछ घंटे बिताने के लिए कालोनी में अच्छी व्यवस्था की गई है लेकिन अराजक तत्वों के जमावड़े ने समस्या पैदा कर दी है। घटनाक्रम की खबर मिलने पर इस क्षेत्र में निवास करने वाले निगम के सभापति श्यामसुंदर सोनी यहां पहुंचे। नागरिकों ने उन्हें पूरे माजरे से अवगत कराया और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। पुलिस और नगर निगम को इस तरफ ध्यान देते हुए जरूरी कदम उठाने की जरूरत है। एक हजार करोड़ वार्षिक बजट वाले नगर निगम ने विभिन्न वार्डों में नागरिकों को जरूरी सुविधाएं देने के लिए प्रयास किये हैं। पार्क से लेकर ओपन जिम के अलावा कई प्रकार की व्यवस्था इस कड़ी में की गई है। विभिन्न क्षेत्रों में चोर-उचक्कों के कारण पार्कों का सामान पार हो रहा है। वहीं शराबखोरी करने वाला वर्ग ऐसे स्थानों को अपने लिए सुरक्षित जगह समझ रहा है। ऐसे में नियंत्रण के लिए शारदा विहार सहित आसपास के पार्कों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की जा रही है।