
अकलतरा। नगर के वार्ड एवं 2 में बनाए जा रहे अवैध कोल साइडिंग के विरोध में अकलतरा बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर बुधवार को नगर बंद का आयोजन किया गया जिसे नागरिकों का पूर्ण समर्थन मिला। शहर में बिना कोई प्रयास किए सभी ने अपने- अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इससे पूरा शहर में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि लोगों को कई तरह की परेशानी हुई। दोपहर में नगर के हृदय स्थल शास्त्री चौक में सभा का आयोजन किया गया। आगामी कार्य योजना निर्धारित करने के लिए 7 जनवरी को विश्राम गृह में बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभा को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने बड़े पैमाने पर बन रहे अवैध कोल साइडिंग के बनने से होने वाले दुष्प्रभाव को बताते हुए अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की तथा प्रशासन द्वारा यथाशीघ्र उचित कार्रवाई नहीं किए जाने पर सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष करने का संकल्प लिया। सभा को विधायक राघवेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक सौरभ सिंह, मंजू सिंह, सुधीर सिसोदिया, अरुण राणा खुलन सोनवानी, राजन केडिया, रोहित सारथी, सुरेश मिरचन्य, अमित केडिया रतन कैवत्र्य, गौरीरानी गुईन आदि ने संबोधित कर हर संभव सहयोग का विश्वास दिलाया। नगर हित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नगर हित में कार्य करने का संकल्प लिया। सब्जी व्यवसायी संघ व जनरल व्यापारी संघ पेशनर कल्याण संघ, वरिष्ठ नागरिक मंच ने पूरा समर्थन दिया। सभा का संचालन एवं आभार प्रदर्शन मोहम्मद इमरान ने किया। बंद को सफल बनाने में पार्षद आशीष प्रसाद, गोवर्धन साहू, रोहित सारथी, विवके बैसए राजेश जायसवाल, जीपी दिक्षीत, कालीका तिवारी, अभिजीत सोनवानी, राजन केडिया, हनुमान वैष्णव, मोइद घनश्याम रजवाडे राजेश्वर मरकाम, संतोष बैस, बाबाए, पतराम साहू, यश शर्मा, देवेन्द्र तिवारी सहित अन्य शामिल रहे। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।















