नईदिल्ली, 04 जुलाई [एजेंसी]। मानसून ने पूरे भारत में दस्तक दे चुका है। देशभर के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश कहर बनकर बरस रही है। गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, असम में झमाझम बारिश की वजह से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आईएमडी ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि कुछ राज्यों में तेज बारिश होगी। वो राज्य हैं- उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा। कर्नाटक में भारी बारिश को लेकर दक्षिण कन्नड़ डीसी मुलई मुगिलन ने कहा- क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के कारण, जिला प्राधिकरण द्वारा मंगलुरु, मुल्की, उल्लाल, मूडबिद्री और बंटवाल में सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की गई है। दिल्ली में वैसे तो मॉनसून ने दस्तक दे रखा है। राजधानी में वर्षा का दौर थमने से सोमवार को मौसम फिर से गर्म हो गया। बादलों की आवाजाही भले दिन भर चली, लेकिन बरसात एक बार भी नहीं हुई। इसी के चलते तेज धूप में उमस ने भी बेहाल किए रखा। दिल्लीवासी पसीने की समस्या से भी परेशान रहे। मौसम विभाग की मानें तो अभी कई दिन कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। कल से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 38.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 52 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी। कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम 38 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दौरान हवा की गति 16 किमी प्रति घंटे रहने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। बीच बीच में तेज वर्षा भी हो सकती है।