गुवाहाटी, 15 जुलाई [एजेंसी]। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मंहगाई को लेकर विवादित बयान से शुक्रवार को राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। दरअसल असम में सब्जियों की महंगाई के लिए मुख्यमंत्री ने मुस्लिम समुदाय को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ग्रामीण क्षेत्रों में सब्जियों की कीमत कम है लेकिन शहरों में आते-आते कीमतें बढ़ जाती हैं। सीएम सरमा ने दावा किया कि सभी विक्रेता दरें बढ़ा रहे हैं और इनमें अधिकतर मियां (मुस्लिम) लोग हैं। असम सीएम हिमंत के इस बयान की समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निंदा की। उन्होंने कहा, भाजपा के एक मुख्यमंत्री का यूं सब्जियों की महंगाई के लिए एक समुदाय विशेष को जिम्मेदार ठहराना बेहद संकीर्ण सोच का निंदनीय प्रदर्शन है। भाजपाई अपनी सरकार की कमियों के लिए दूसरों में दोष तलाश लेते हैं। अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- विपक्षी गुंडे कार्रवाई से बचने के लिए संरक्षण मांग रहे कोलकाता। टीएमसी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा है। पंचायत चुनावों में हुई हिंसा को लेकर अभिषेक ने कहा कि भाजपा के गुंडे अब कार्रवाई से बचने के लिए न्यायपालिका से संरक्षण मांग रहे हैं। बंगाल में भाजपा ने अपना आधार खो दिया है। विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए भाजपा हिंसा का सहारा ले रही है। अभिषेक ने कहा कि हम हिंसा के खिलाफ हैं। पंचायत चुनावों के परिणामों की घोषणा होने के बाद से राज्य भर में भाजपा ने आतंक मचा रखा है। नंदीग्राम में भाजपा ने कुछ सीटे जीती हैं। वहां भाजपा के गुंडे टीएमसी कार्यकर्ताओं को उनके घरों से बाहर निकाल रहे हैं। उन्हें पीट रहे हैं। महिलाओं के साथ बलात्कार करने की धमकी दे रहे हैं। बता दें, नंदीग्राम भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष शुवेंदु अधिकारी का विधानसभा क्षेत्र है। अभिषेक ने आगे कहा कि पीडि़तों ने 20 उपद्रवियों के नामों की सूची सौंपी है, जिन्होंने नंदीग्राम में हिंसा की है। हम यह सूची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सौंपेंगे। अब भाजपा के गुंडे कार्रवाई से बचने के लिए न्यायिक संरक्षण की मांग कर रहे हैं।