नईदिल्ली। उत्तर भारत सहित पहाड़ी राज्यों में आसमान से बारिश कहर बनकर बरस रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को भी कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तराखंड, बिहार और दिल्ली के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, सरकार ने भी अपने अधिकारियों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कहा कि यमुना के बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियात के तौर पर नदी पर बने सभी चार मेट्रो पुलों से ट्रेनें 30 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से गुजर रही हैं। इसके अलावा सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढऩे के बाद मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घूसने के कारण कई लोगों को अपना घर छोडऩा पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46 पर पहुंच गया है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जायें। सीएम केजरीवाल ने कहा कि जिन आबादी वाले इलाकों में पानी भरा है, वहां से लोगों को निकाल रहे हैं। वहां रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सबसे ज़रूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दिल्ली वालों से अपील है कि इस आपातकाल स्थिति में एक दूसरे का हर संभव सहयोग करें।