
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को इस बार मौसम आजादी के जश्न में खलल डाल सकता है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में दिनभर बादल छाए रहने, गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 एवं 26 डिग्री रह सकता है। वहीं, बुधवार को दिन भर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलने से तापमान में दो डिग्री का इजाफा हुआ। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 98 से 62 प्रतिशत तक रहा। कहीं कहीं बूंदाबांदी और हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। हालांकि पहले मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन बाद में इसे ग्रीन में बदल दिया गया। दूसरी तरफ मौसम के इस मिजाज का असर दिल्ली के प्रदूषण पर भी लगातार देखने को मिल रहा है। जब तब हो रही वर्षा से प्रदूषक कण वायुमंडल से साफ हो गए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई ”संतोषजनक” श्रेणी के साथ 79 दर्ज किया गया। हाल फिलहाल इसमें अधिक वृद्धि के आसार भी नहीं हैं।





























