
इंदौर। इंदौर शहर में राजस्व अधिकारियों पर गार्डों से गोलियां चलवाने वाले बदमाश का घर प्रशासन ने रविवार सुबह ढहा दिया। पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे कार्रवाई करने पहुंच गई थी। भंवरासला में विगत दिनों अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा हटाने गए राजस्व अधिकारियों पर सुरेश पटेल और उसके गार्डों ने गोलियां चला दी थी।
मामले में कलेक्टर आशीष सिंह ने सुरेश पटेल और तीन अन्य आरोपियों को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत निरूद्ध करने के आदेश जारी किए। आज सुबह पटेल के अवैध निर्माणों पर नगर निगम द्वारा रिमूवल की कार्रवाई की गई। बाणगंगा थाना क्षेत्र के भंवरासला में 14 अगस्त को अरबिंदो अस्पताल की जमीन का कब्जा हटाने गए तहसीलदार सैवाल सिंह, नायब तहसीलदार जितेंद्र वर्मा और पटवारी मयंक चतुर व प्रदीप सिंह चौहान पर कब्जेदार सुरेश पटेल के गार्डों ने गोलियां चला दी थी।

























