
ईरान, 24 फरवरी । ईरान ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर एक बार फिर से हमला किया है। ईरानी मीडिया के अनुसार इस बार ईरान ने जमीनी हमला किया है और आतंकी संगठन जैश अल अदल के शीर्ष कमांडर को ढेर कर दिया है। गौरतलब है कि बीते दिनों ही ईरान ने पाकिस्तान की सीमा में हवाई हमला किया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने भी ईरान के खिलाफ जवाबी हमला किया था। इससे दोनों देशों में तनाव बढ़ गया था। ईरानी सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर सुनियोजित तरीके से आतंकी संगठन जैश अल अदल के शीर्ष कमांडर इस्माइल शाह बख्श और उसके कई अन्य सहयोगियों को ढेर कर दिया। जैश अल अदल का गठन साल 2012 में हुआ था, यह एक सुन्नी संगठन है, जो ईरान के दक्षिण पूर्वी प्रांत सिस्तान-बलूचिस्तान से संचालित होता है। इस संगठन को ईरान की सरकार आतंकी संगठन मानती है। ईरान में हुए कई हमलों में इस संगठन का हाथ माना जाता है। बीते साल दिसंबर में सिस्तान बलूचिस्तान प्रांत में एक पुलिस स्टेशन पर हमला हुआ था। उस हमले में 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। इस हमले के पीछे भी जैश अल अदल का हाथ बताया गया था।























