‘उत्तराखंड पुलिस एप’ से आमजन को हो रही सुविधा, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान… ‘शक्ति’ का विकल्प उपलब्ध

देहरादून, १५ जनवरी । अपराधियों पर नकेल कसने और आमजन की सहूलियत के लिए उत्तराखंड पुलिस खुद को तकनीक की मदद से सशक्त बना रही है। इसी कड़ी में जुलाई 2022 में उत्तराखंड पुलिस ने ‘उत्तराखंड पुलिस एप’ की शुरुआत की, ताकि पीडि़तों को घर बैठे न्याय मिल सके और उन्हें थाना-चौकियों के चक्कर न काटने पड़ें। इस एप पर न सिर्फ घर बैठे शिकायत दर्ज की जा सकती है, बल्कि आसानी से जांच की प्रगति का पता भी लगाया जा सकता है। एप में महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। पुलिस का दावा है कि यह देश का पहला एप है, जिस पर घर बैठे शिकायत दर्ज की जा सकती है। इस एप के जरिये साइबर ठगी, चोरी, नशा तस्करी, मोबाइल खोने, लड़ाई-झगड़ा, शांति भंग व अन्य आपराधिक गतिविधियों की शिकायत की जा सकती है। साथ ही इसमें पुलिस वेरिफिकेशन और ई-एफआईआर की सुविधा भी है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस एप को अब तक 1,24,019 महिलाओं समेत 2,82,784 लोग डाउनलोड कर चुके हैं। दिसंबर 2023 तक एप पर कुल 8,243 लिखित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7,453 पर कार्रवाई की गई और 207 विचाराधीन हैं। सबसे ज्यादा 5,030 शिकायतें साइबर ठगी की आई हैं, जिनमें से 4,823 को निस्तारित किया जा चुका है। इसके अलावा 95,067 लोगों ने आपात स्थिति में सहायता मांगी। उत्तराखंड पुलिस एप में महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए गौरा शक्ति का विकल्प दिया गया है, जहां घरेलू उत्पीडऩ, मारपीट, छेडख़ानी की शिकायत करने के साथ ही महिलाएं सुरक्षा व मदद मांग सकती हैं। शिकायत की जांच किस अधिकारी के पास है और उसके मोबाइल नंबर की जानकारी भी एप पर ही मिल जाती है। साथ में शिकायत की प्रगति भी देखी जा सकती है। एप पर अब तक 786 महिलाएं शिकायत दर्ज करा चुकी हैं, जिनमें 769 का समाधान कर दिया गया है और शेष 17 विचाराधीन हैं।वर्तमान में यातायात नियमों का पालन कराना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है। ऐसे में उत्तराखंड पुलिस एप में आमजन को यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की शक्ति दी गई है।इसके तहत एप पर ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार व गलत साइड में वाहन चलाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने समेत यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ी अन्य शिकायतें दर्ज कराने का विकल्प दिया गया है। वर्ष 2023 में पुलिस को एप पर यातायात नियमों के उल्लंघन की 97,474 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके सत्यापन के बाद 30,857 मामलों में चालान किया गया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्मार्ट पुलिसिंग विजन के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड पुलिस एप की शुरुआत की गई। जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्देशित किया गया है कि एप पर आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल निस्तारण करें।

RO No. 13467/11