उपसरपंच का बेटा अवैध शराब और एयर गन के साथ गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा । ग्राम बिलारी के उपसरपंच के बेटे के पास से पुलिस ने 120 लीटर महुआ शराब जब्त किया है। आरोपित युवक के पास से पुलिस ने एक एयरगन, 20 क्विंटल महुआ लहान और एक ट्रैक्टर व ट्राली भी जब्त किया है। आरोपित युवक बिलारी और सलखन के बीच मैं स्थित नाला के पास महुआ शराब बनाने और बेचने का काम करता है। पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने के साथ ही जुआ, सट्टा का कारोबार खूब फल फूल रहा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी इन कार्यों पर अंकुश नहीं लग पा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पंचायत बिलारी के उपसरपंच, छोटेलाल खुंटे का पुत्र सत्येन्द्र खुंटे अवैध शराब बनाकर बिक्री करता है। सूचन मिलने पर पुलिस की टीम ने दबिश दी तो वहां का दृश्य देखकर पुलिस के होश उड़ गये। आरोपित युवक सत्येंद्र खुंटे बिलारी और सलखन के बीच में स्थित नाला के पास शराब बनाने का काम कर रहा था। मौके पर युवक के कब्जे से अलग अलग प्लास्टिक के सफेद जरिकेन में 120 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। जिसकी कीमत 12 हजार रुपये है। इसके अलावा ट्रेक्टर व ट्राली कीमती तीन लाख रुपये और एक एयर गन बंदूक बरामद किया । साथ ही मौके पर 20 क्विंटल महुआ लहान और शराब बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल व अन्य समाग्री मिला जिसको वहीं नष्टीकरण किया गया। आरोपित के विरूद्ध शिवरीनारायण थाना में धारा 34 (2), 59 क आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया ।

RO No. 13467/11