अजमेर, १५ जुलाई [एजेंसी]। देश का पहला इलेक्ट्रिक क्रुज राजस्थान में चलेगा। ये क्रुज लगभग तैयार हो चुका है और अगस्त तक ये लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। क्रुज अजमेर के अनासागर झील में चलेगा। हालांकि, इसमें अभी रूफटॉप और इंजन का काम बाकी है। ये सारा काम झील में ही होगा और इसके बाद ये आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इस क्रुज को गोवा की बोट क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने बनाया है। इस क्रुज में पार्टी भी कर सकेंगे और यहां के कैफे में कई लजीज जायकों का आनंद ले पाएंगे। इस क्रुज को आनासागर झील में उतार दिया गया है। इस क्रुज से अनासागर झील में 45 मिनट का एक राउंड होगा। इसे पार्टी या सेलिब्रेशन के लिए भी बुक कर सकेंगे। ये डबल डेकर क्रुज है जो 2 फ्लोर में तैयार किया गया है। इस पूरे क्रुज को 8म22 मीटर में तैयार किया गया है। पहला फ्लोर ये पूरी तरह से एयर कंडीशनर होगा। इसमें एक किचन के साथ महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग बाथरूम होगा। इसी फ्लोर पर डांस फ्लोर तैयार किया गया है। यहां डिस्को लाइट भी लगाई है। दूसरा फ्लोर, ये क्रुज का रूफटॉप वाला हिस्सा होगा। रूफटॉप पर छोटा किचन तैयार किया गया है। इन दोनों फ्लोर पर 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगा।गीता मार्बल प्राइवेट लिमिटेड के कंपनी प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह राव ने बताया कि एक राउंड का कितना चार्ज लगेगा ये अभी तय नहीं है। उन्होंने बताया 5 करोड़ रुपए की लागत से क्रुज तैयार किया जा रहा है। 67 लाख रुपए में नगर निगम से टेंडर लिया गया है। सालाना टेंडर में 10 पर्सेंट टेंडर बढ़कर होगा। ये डबल डेकर इलेक्ट्रिक क्रुज सोलर एनर्जी से संचालित होगा। गोवा की कंपनी से इस क्रुज को बनाने के लिए थीम से लेकर लोगों की पसंद का काफी ध्यान रखा है। क्रुज को यदि कोई बर्थ डे या डीजे पार्टी के लिए बुक करना चाहता है तो वह भी सुविधा मिलेगी। कोई भी इसे दिन में 1 से 3 घंटे या इससे ज्यादा समय के लिए बुक कर सकेंगे। इसके इंटीरियर को राजस्थान की बणी-ठणी, केसरिया बालम आदि थीम को ध्यान में रखा गया है। इसमें फास्ट फूड से लेकर राजस्थानी खाना और खाने की अन्य तरह की वैरायटी भी मिलेगीबोट क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ओनर जॉन फ्रेंड्सस खुद इसे अजमेर में मौजूद रहकर तैयार कर रहे हैं। कंपनी करीब 1 साल से इसे तैयार कर रही है। इसका संचालन सुबह 11 से रात 11 बजे तक किया जाएगा। इसमें 150 लोगों के साथ क्रु मेंबर, कुक और कैप्टन समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। इसमें 16 सीसीटीवी और 200 के करीब लाइव जैकेट्स रखे गए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रुज के पीछे रेस्क्यू बोट भी चलेगी। इसके अलावा पहला टिकट प्लेटफार्म रामप्रसाद घाट और दूसरा जेटी पर होगा। इसी जेटी के पास इसका चार्जिंग स्टेशन होगा। बोट संचालित करने वाली कंपनी के अनुसार सौर ऊर्जा पर चलने वाला ये पहला क्रुज होगा। हालांकि जनरेटर की भी व्यवस्था रहेगी, जिसे जरूरत पडऩे पर इस्तेमाल में ले सकेंगे। वहीं इसमें बने शौचालय का पानी झील में नहीं जाएगा, इसके लिए टैंक बनाए गए हैं। इन टैंक को जेटी पर तैयार सेफ्टिक टैंक में खाली किया जाएगा। आनासागर झील की सुंदरता खराब नहीं हो इसके लिए सेफ्टिक टैंक को एसटीपी से जोड़ा जाएगा। वहां से सीधे नाले के जरिए गंदगी एसटीपी में पाइप लाइन के जरिए जाएगी। अजमेर से पहले कोटा व उदयपुर में डबल डेकर क्रुज चलाने की लिए पहल की गई थी। लेकिन, वहां यह व्यवस्था ज्यादा दिन नहीं चली। वर्तमान में राजस्थान में कहीं पर भी डबल डेकर क्रुज नहीं चल रहा है। कोटा में ये क्यों सफल नहीं हो पाया इसका कारणों की ठीक जानकारी नहीं है। लेकिन, उदयपुर में ये मामला एनजीटी कोर्ट में चला गया था।