
उदयपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जजगा मोहनपुर मोड़ पर शनिवार की देर शाम कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में एक स्वामी आत्मानंद स्कूल अंबिकापुर का प्यून शामिल है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर वाहन बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीटते ले गया। जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीडांड़ निवासी प्रशांत पैंकरा पिता गोविंद राम उम्र 28 वर्ष स्वामी आत्मानंद स्कूल गांधीनगर अंबिकापुर में प्यून के पद पर पदस्थ था। वह शनिवार की देर शाम लगभग 6.30 बजे गांव के ही एक अन्य साथी के साथ बाइक क्रमांक सीजी सीएक्स 6056 से अंबिकापुर से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान लखनपुर क्षेत्र के ग्राम जजगा मोहनपुर मोड़ के पास कंटेनर वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, इससे दोनों गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। इधर कंटेनर वाहन बाइक को 200 मीटर तक घसीटते ले गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व शवों को पीएम हेतु अस्पताल भेजा।
























