
कोरबा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में पुलिस ने अभियान चला रखा है। इसमें कई काम शामिल किए गए हैं। विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्र में पुलिस ने 50 से अधिक वारंटियों को पकड़ा। इनमें से कई स्थायी हैं और बाकी सामान्य।
कटघोरा पुलिस ने अभियान के अंतर्गत 5 स्थायी और 10 सामान्य मामलों में वारंट पर कार्रवाई की और संंबंधितों को कब्जे में लिया। कटघोरा टीआई धर्मनारायण तिवारी ने जिले में सर्वाधिक वारंटों को तामिल करने के साथ ही संगीन मामले जिनमें क्रमश: मदनपुर के बलवा के 10 वर्ष पूर्व प्रकरण में फरार आरोपी संपूरन सिंह, 11 वर्ष पूर्व चोरी के मामले में बड़ेबांका शिवकुमार तथा पूछापारा के 10 वर्ष पूर्व पास्को एक्ट के मामले में गोपाल दास महंत को न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किये जाने पर तत्काल प्रभाव से जेल भेज दिया गया है। उधर रजगामार पुलिस ने 279, 337 आईपीसी के मामले में तीन स्थायी वारंटियों सुरेश तिर्की, संतोष कुमार और गुरुवार सिंह को पकड़ा। कोतवाली, बालकोनगर, दीपका, उरगा, बांगो सहित अन्य थाना और चौकी पुलिस ने भी अभियान पर काम करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया। बताया गया कि गंभीर धाराओं में नामजद आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जबकि जमानती प्रकरणों में संबंधितों को राहत देने की व्यवस्था है।






















