
कठुआ/जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सुदूर माछेदी इलाके में आतंकवादियों ने सेना के वाहनों पर गोलीबारी कर दी। इसमें सेना के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना कठुआ शहर से 150 किलोमीटर दूर लोहाई मल्हार के बदनोटा गांव में हुई, जब सेना के कुछ वाहन इलाके में नियमित गश्त पर थे। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की और अंतिम रिपोर्ट मिलने तक गोलीबारी जारी थी। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया है।















