
लखनऊ, 0९ जनवरी । गठबंधन में शामिल पार्टियों की सीटें भले ही अभी तय न हुईं हों लेकिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को बड़ा वादा कर दिया। सपा प्रदेश मुख्यालय में महानगर व जिलाध्यक्षों की बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का पूरा कर्ज माफ करेंगे। भाजपा पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पूंजीपतियों का 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया, पर किसानों की तरफ ध्यान नहीं दिया।इससे पहले बैठक में अखिलेश ने कहा कि पार्टी अपने संगठन को सेक्टर और बूथस्तर तक मजबूत कर रही है। हमें संगठन पर पूरा भरोसा है। सपा लोकसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभाने जा रही है। सभी जिलाध्यक्ष अपने-अपने यहां के कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर बूथ की जिम्मेदारी प्रदान करें। कई जिलों में मतदाता सूची पर अच्छा काम हुआ है। मतदाता सूची प्रकाशन के बाद बूथ स्तर पर नेता और कार्यकर्ता इसकी गहन समीक्षा करें। कहां मतदाताओं के वोट कटे हैं और कहां वोट बढ़े हैं, इसकी जानकारी प्राप्त कर सूचना दें। चुनाव में भाजपा हर तरह का हथकंडा आजमा सकती है। वो चुनाव आयोग को भी दबाव में ले सकती है। इनसे सतर्क रहना है।अखिलेश ने कहा कि जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उसे हराने को तैयार है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है। वह इस तरह की रणनीति अपनाती है जिससे मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटके।इस बार के चुनाव में लोकतंत्र, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुणी नहीं हुई। नौजवान बेरोजगार हैं। भाजपा की 10 वर्ष की सरकार में देश में एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली है। भाजपा सरकार प्रधानों के बजट से प्रचार करके जनता को विकसित भारत का झूठा सपना दिखा रही है। सिर्फ नारों से देश विकसित नहीं होगा।अखिलेश ने कहा कि सपा की पूरी कोशिश है कि जो गठबंधन बना है उसे मजबूत किया जाए। गठबंधन में जो दल जहां से लड़ेगा सपा पूरी ताकत से उसकी मदद करेगी।बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लिखित रूप में सुझाव दिए गए। जिलाध्यक्षों ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने-अपने क्षेत्र से प्रबल। दावेदार प्रत्याशियों के नाम भी बंद लिफाफे में दिए।अखिलेश ने पत्रकारों से बताया कि सभी जिलों से सुझाव आए हैं इस पर पार्टी विचार करेगी जो भी पार्टी हित में सुझाव होंगे उन्हें लागू किया जाएगा। मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय में विधायकों और विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों की बैठक होगी।


























