
सिरसा, २० नवंबर । सिरसा के कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जेजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा में चाबी खराब हो चुकी है। अब जेजेपी राजस्थान में ताला खोलने का प्रयास कर रही है। हरियाणा की जनता का जेजेपी से भरोसा उठ चुका है। जेजेपी ने बुढ़ापा पेंशन 5100 रुपये करने का वायदा किया था। उसमें भी जेजेपी ने वायदा खिलाफी की है। वहीं 75 फीसदी आरक्षण में बेरोजगारों को रोजगार देने का वायदा भी जेजेपी पूरा नहीं कर पाई है। बेरोजगारों, बुढ़ापा, किसान, मजदूर और हर वर्ग का भरोसा जेजेपी खो चुकी है। जिसके चलते अब वह हरियाणा को छोड़कर राजस्थान की तरफ रुख कर रही है। इससे पहले दीपेंद्र हुड्डा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कुल मिलाकर भाजपा व जजपा का गठबंधन हरियाणा में भ्रष्टाचार करने के लिए था। दोनों पार्टियों ने खुद को राज्य में ये गठबंधन कर भ्रष्टाचार करने की छूट दी है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने महकमे को लूटने के लिए ये गठबंधन किया है।आगे हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि हरियाणा सरकार ने नौकरियों में बाहर के युवाओं को 75 प्रतिशत आरक्षण दिया है। ये सरकार हरियाणा के युवाओं को बेरोजगारी देने वाली सरकार निकली। उन्होंने कहा कि भले ही सरकार इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाए, लेकिन छह-सात महीने बाद हम इस सरकार की कार्यशेली के लिए सुपर सुप्रीम कोर्ट यानी देश की जनता के बीच जाएंगे।
















