नईदिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी शनिवार को देश भर में भाजपा मुख्यालयों विरोध प्रदर्शन करेगी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसी तरह, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत 22 राज्यों में भाजपा मुख्यालय पर ‘‘आप’’ कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। आप का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली थी। तभी भाजपा की केंद्र सरकार ने सीबीआई से उन्हें गिरफ्तार करा लिया। भाजपा, आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है और अरविंद केजरीवाल को चुनावों से दूर रखना चाहती है। इसीलिए केजरीवाल पर फर्जी मुकदमें लगाकर फंसाने की कोशिश कर रही है।