
चंदौली, २३ दिसम्बर । उज्ज्वला योजना के लगभग एक लाख 27 हजार लाभार्थियों की सब्सिडी केवाईसी (अपने ग्राहक को जानो) नहीं होने के चलते रुक गई है। लाभार्थियों की ओर से ध्यान न देने के कारण सब्सिडी का पैसा उनके खाते में नहीं भेजा जा सका है। जनपद में योजना के 1.91 लाख लाभार्थी हैं। इनको दीवाली पर निश्शुल्क सिलेंडर रिफलिंग की सब्सिडी दी जानी है। इसके लिए लाभार्थी को संबंधित गैस एजेंसी से केवाईसी कराना जरूरी है। अभी तक 64 हजार लाभार्थियों की ही केवाईसी हुई है। इनको तो पैसा मिल जाएगा, लेकिन शेष को केवाईसी के बाद ही पैसा मिलेगा। फिलहाल 27 हजार के खाते में सब्सिडी भी पहुंच गई है। अब तक केवाईसी कम होने के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों का मनाना है कि योजना का ठीक से प्रचार-प्रसार नहीं किया गया है। इसको लेकर एडीएम अभय कुमार पांडेय ने अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। पोस्टर व बैनर लगाए जाने को भी कहा गया है, ताकि लोग योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित हों। गैस एजेंसी संचालक सुभाष त्रिपाठी ने बताया कि हर एजेंसी में रोजाना सौ के करीब लाभार्थी केवाईसी कराने के लिए पहुंच रहे हैं। सभी गैस एजेंजियों में केवाईसी कराने का काम चल रहा। इसकी वजह से सर्वर धीमा हो जाता। लाभार्थी एजेंसी पर बैठे रहते हैं। कुछ लोगों की केवाईसी हो जाती है तो कुछ लोग बगैर केवाईसी के लौट जाते हैं। इस वजह से यह प्रक्रिया धीमी चल रही। गैस एजेंसी संचालक पूरे प्रयास कर रहे हैं।केवाईसी कराने के बाद पहले लाभार्थी को 929 रुपये देकर भरा सिलेंडर लेना होगा। इसके तीन-चार दिन बाद लाभार्थी के खाते में दो किस्तों में पूरे रुपये सब्सिडी के तौर पर आ जाएंगे। पहले रुपये जुटाने की मशक्कत के कारण कई बार लोग सिलेंडर भरवाने से झिझकते हैं। इस वजह से केवाईसी कराने आगे नहीं आ रहे हैं। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी लेने के लिए संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर केवाईसी कराना होगा। इसके बाद लाभार्थी को पूरी राशि देकर सिलेंडर रिफिल कराना है। फिर तीन या चार दिनों में उनके खाते में सब्सिडी पहुंच जाएगी। योजना के प्रचार-प्रसार का काम किया जा रहा है। लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की जा रही है।


























