क्लच वायर भेजने के नाम पर कंपनी ने ठग लिए दो लाख रुपये

सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंपापुर निवासी कारोबारी संतोष साहू से पाथ फाइंडर कंपनी का क्लच वायर भेजने के नाम पर दो लाख रुपए की ठगी करने के मामले में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने झारखंड राज्य के आदित्यपुर निवासी तुषार राजन सिंहा के विरुद्ध चार सौ बीसी का अपराध दर्ज कर लिया है। उक्त आशय की रिपोर्ट ग्राम पंपापुर निवासी आस्था सोलर खेतपाल मशीन दुकान के संचालक संतोष साहू ने कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। उसने बताया कि पांच जनवरी 2023 को पाथफाइंडर कंपनी के संचालक तुषार राजन पिता सियाबरण सिन्हा ने मोबाइल पर बात कर कंपनी का 190 रोल क्लच वायर भेजने के नाम पर उससे आइसीआइसीआइ बैंक के खाते में एक लाख रुपये जमा कराए और फोन पे के माध्यम से 90 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे। उसके बाद उसने उसे ट्रांसपोर्ट का बिल भेजते हुए बताया था कि 190 रोल क्लच वायर वहां से पंपापुर के लिए निकल गया है। माल नहीं पहुंचने पर उसने तुषार राजन से संपर्क किया तो वह टाल मटोल करता रहा। बाद में पता चला कि तुषार द्वारा भेजा गया ट्रांसपोर्ट का बिल भी फर्जी है। तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। ठगी का शिकार कारोबारी संतोष साहू की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने पाथफाइंडर कंपनी के संचालक तुषार राजन पिता सियाबरण सिंह निवासी आदित्यपुर जमशेदपुर झारखंड के विरुद्ध धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

RO No. 13467/11