खर्च में भाजपा से आगे कांग्रेस, सतीश सिकरवार अव्वल, इमरती देवी सहित 21 को नोटिस

ग्वालियर (नप्र)। विधानसभा चुनाव-2023 में मैदान में उतरे प्रत्याशियों द्वारा किए जा रहे खर्च में इस बार कांग्रेस आगे है। सिर्फ एक ही विधानसभा से भाजपा के उम्मीदार सामने वाले प्रत्याशी से अधिक खर्च कर पाए हैं। आंकड़े देखें तो पूर्व विधानसभा के भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी खर्च में शेष विधानसभाओं को पीछे छोड़े हुए हैं। सबसे ज्यादा खर्च अभी तक ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी सतीश सिंह सिकरवार के नाम है, इनके सामने भाजपा की माया सिंह थोड़ी ही पीछे हैं। इसके बाद ग्वालियर से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा सतीश सिंह के बाद दूसरे नंबर पर खर्च के मामले में हैं। डबरा से भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी ने अपने खर्च का ब्यौरा ही नहीं दिया है, उन्हें मिलाकर ऐसे 21 प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर शुक्रवार को बुलाया गया है। व्यय लेखा शाखा की ओर से प्रत्याशियों के खर्च का ब्यौरा मेंटेन किया जाता है। प्रत्याशियों के खर्च का प्रथम निरीक्षण हो चुका है, जिसमें इमरती देवी सहित कई प्रत्याशियों का ब्यौरा अनुपस्थित रहा। विधानसभा का चुनाव लड़ रहे 21 प्रत्याशियों द्वारा अपने चुनावी व्यय रजिस्टर का निरीक्षण व्यय प्रेक्षक से नहीं कराया है। इन सभी उम्मीदवारों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा 10 नवम्बर 2023 तक निर्वाचन व्यय रजिस्टर का निरीक्षण कराने के लिये नोटिस जारी किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर व ग्वालियर पूर्व के सभी उम्मीदवारों ने अपने चुनावी खर्चे के लिये बनाए गए रजिस्टर का निरीक्षण करा लिया गया है।

RO No. 13467/11