
ओटेवा। भारत और कनाडा के बीच खालिस्तानी समर्थकों और गतिविधियों को लेकर लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच, भारतीय मूल के कनाडाई सांसद चंद्र आर्य ने सोमवार को सरे में खालिस्तानी समर्थकों का एक कथित वीडियो साझा किया, जिसमें दावा किया गया है कि वे हिंदू लक्ष्मी नारायण मंदिर में परेशानी पैदा करना चाहते हैं। कनाडाई सांसद आर्य ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। साथ ही, अधिकारियों से कार्रवाई करने और सख्त कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुछ रिपोर्ट की माने तो पिछले हफ्त सरे में गुरुद्वारे के बाहर एक सिख परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। अब ऐसा प्रतीत होता है कि वही खालिस्तानी समूह सरे में हिंदू लक्ष्मी नारायण मंदिर में परेशानी पैदा करना चाहता है। उन्होंने आगे कहा कि ये सब बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किया जा रहा है। इसलिए एक बार फिर से कनाडाई अधिकारियों से कदम उठाने और कार्रवाई करने के लिए कह रहा हूं।





























