
बिश्रामपुर। बुधवार की रात करंजी चौकी क्षेत्र के सुदामानगर गांव से गन्ना लोडकर महामाया शक्कर कारखाना केरता जाने के लिए निकला ट्रक गांव की ही सडक़ में अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन चालक, परिचालक व छह किसानों को भी चोटें आई है। गंभीर रूप से घायल दोनों किसानों का जिला चिकित्सालय सूरजपुर में उपचार जारी है। घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि सुदामानगर गांव के आधा दर्जन से अधिक किसानों ने गन्ना बेचने के लिए गन्ना महामाया शक्कर कारखाना केरता ले जाने के लिए ट्रक क्रमांक सीजी 15 ए 5721 में गन्ना लोड किया था। गांव के आठ किसान ट्रक चालक व परिचालक के साथ ट्रक की केबिन में बैठकर शक्कर कारखाना के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान गांव के ही पंचायती सडक़ में ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। दुर्घटना में ट्रक सवार गांव के ही किसान पन्नालाल पैकरा, मुटु तारा पैकरा, मनप्रभु पैकरा, मनोज पैकरा, कमलेश पैकरा, आनंद पैकरा, गंगाराम पंडो, बउडम पंडो समेत ट्रक चालक व परिचालक घायल हो गए। दुर्घटना में घायलों को ग्रामीण तत्काल गांव के ही उप स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पन्नालाल पैकरा 22 वर्ष व मुटु तारा पैकरा 45 वर्ष को रिफर करने के बाद जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया गया हैं। जहां दोनो घायल किसानों का उपचार किया जा रहा है। बुधवार रात घटित सडक़ दुर्घटना की जानकारी लेने के लिए जब संबंधित करंजी पुलिस से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि दुर्घटना के संबंध में पुलिस को कोई जानकारी नही है।


























