
कोरबा। शातिर लुटेरों के निशाने पर पिछले काफी समय से शराब दुकानें बनी हुई हैं। दूसरी बार इस तरह की घटना को जिले में अंजाम दिया गया। पाली में सरकारी शराब दुकान के बंद होने से 15 मिनट पहले ग्राहक की शक्ल में आए लुटेरों ने सेल्समेन की कनपटी पर बंदूक अड़ा बदमाश 2 लाख 93 हजार नगदी लूट लिए गए। आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाशी के लिए नाकाबंदी कराई है।
पता चला कि यह घटना रात करीब 9.45 बजे की है। पाली में एक ही स्थान पर देशी और विदेशी शराब दुकान संचालित है। बुधवार की रात भी दोनों ही दुकान के कर्मचारी बिक्री रकम का मिलान कर रहे थे। वे दुकान बंद करने की तैयारी में थे, इसी दौरान बाइक में सवार होकर तीन युवक देशी शराब दुकान के सामने पहुंचे। तीनों युवक का चेहरा गमछे से ढंका हुआ था। वे दनदनाते हुए सीधे शराब दुकान के भीतर जा घुसे। इनमें से एक दुकान के दरवाजे में खड़ा था, जबकि एक बदमाश ने सुपरवाइजर की कनपटी पर बंदूक अड़ा दिया। वहीं तीसरा नोट को समेटने में लगारहा । कुछ ही मिनट के भीतर नकाबपोश बदमाश पूरे दिन की बिक्री रकम 2 लाख 93 हजार रुपए नगदी को समेट कर फरार हो गए। उनके जाते ही कर्मचारियों ने अंग्रेजी शराब दुकान पहुंच घटना की जानकारी दी। इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई। आला अधिकारियों के निर्देश पर पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई। इसके साथ ही पूरी रात संदिग्धों की तलाश की जाती रही, लेकिन किसी का सुराग नहीं मिल सका। इधर घटना की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग के अफसर भी पूरी रात दुकान में ही डटे रहे। बहरहाल पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
कैमरे में कैद हुई तस्वीर
सुरक्षा के लिए दुकान मे लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है। जिसमें तीनों बदमाश के चेहरे ढके नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में हथियार भी नजर आ रहा है। खास बात तो यह है कि कुछ समय पहले ही गोपालपुर के शराब दुकान में लूट हुई थी। दोनों ही वारदात का तरीका मिलता जुलता है, जिससे लूट में एक ही गिरोह के सदस्यों शामिल हो सकते हैं।



















