
चांपा। नगर पालिका परिषद चांपा में इन दिनों विकास कार्यों की बाढ़ आई हुई है। निकाय चुनाव से पहले और चुनाव के बाद लगातार सडक़ों के डामरीकरण का कार्य जारी है। मगर इन कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा किए जा रहे डामरीकरण में ठेकेदारों और इंजीनियरों की लापरवाही साफ नजर आ रही है।
नगर की सडक़ों पर किए जा रहे डामरीकरण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। कहीं सडक़ ऊंची बन रही है, तो कहीं नीची, जिससे आने-जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नगर पालिका के इंजीनियर योगेश राठौर मौके पर पहुंचे और खामियों को देखने के बाद सुधार की हिदायत देकर चले गए। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार ऐसे ही खानापूर्ति कर काम आगे बढ़ा दिया जाता है।
जनता में नाराजगी – नगर के नागरिकों ने इस गुणवत्ता विहीन कार्य को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद चांपा के अधिकारी और इंजीनियर अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल साबित हो रहे हैं। आम जनता से वसूले गए टैक्स के पैसे का सही उपयोग नहीं हो रहा और ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहे हैं।
नए नगर पालिका अध्यक्ष से जनता को उम्मीद- नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव से नगरवासी काफी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। लोगों का मानना है कि नए अध्यक्ष इस तरह के अनियमित कार्यों पर अंकुश लगाएंगे और गुणवत्ता सुधारने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।फिलहाल, नगर पालिका परिषद चांपा के अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। लेकिन नगर की जनता निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जागरूक हो चुकी है और यदि जल्द ही सुधार नहीं हुआ तो यह मामला और तूल पकड़ सकता है।


























