छत्‍तीसगढ़ में तेजी से फैल रहा स्वाइन फ्लू, रोज मिल रहे औसतन 12 केस, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने कहा- लक्षण मिले तो तुरंत कराएं जांच

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू की स्थिति गंभीर होती जा रही है। प्रतिदिन औसतन 10 से 12 मरीज सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में जांच और इलाज की पूरी व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। दावा है कि स्वास्थ्य संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विभाग ने सतर्कता बरने के लिए लोगों से अपील की है। लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानाें पर नहीं जाने, मास्क लगाने और बीमारी के लक्षण होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया है। बीमारी से माहभर में 18 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से अधिक मरीज मिल चुके है।
बिलासपुर में मिले सबसे ज्यादा मरीज
बिलासपुर में सर्वाधिक आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 108 मरीज मिल चुके हैं। रायपुर में भी 85 मरीज मिल चुके हैं। जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, दुर्ग, बीजापुर, धमतरी, महासमुंद समेत प्रदेशभर से स्वाइन फ्लू के मरीज मिल रहे हैं। वर्तमान में 112 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। वहीं, 13 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। राजधानी में स्वाइन फ्लू का पहला केस जुलाई के पहले सप्ताह में आया था। कांकेर का मरीज निजी अस्पताल में भर्ती था। उसे इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण आते ही तत्काल जांच कराएं। इलाज में देरी जानलेवा हो सकती है। बिलासपुर, राजनांदगांव व अन्य जिलों में जिन मरीजों की मौत हुई है, वे काफी विलंब से अस्पताल पहुंचे थे। किसी भी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 पर चौबीसों घंटे संपर्क किया जा सकता है।

RO No. 13467/10