
रायपुर, 07 नवंबर । छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के पहले चरण का मतदान जारी है। नक्सल प्रभावित 10 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ, जबकि अन्य 10 सीटों पर मतदान 8 बजे से शुरू हुआ। छत्तीसगढ़ के बस्तर व दुर्ग संभाग की 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग की 12 सीटों पर और दुर्ग संभाग की आठ सीटों पर यह मतदान महत्वपूर्ण है। यूं तो हर चुनाव अपने आप में महत्वपूर्ण होता है, लेकिन बस्तर अपने आप में कुछ अलग है। लिहाजा यहां चुनाव भी दूसरे क्षेत्रों से अलग है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के वोटर सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 20 सीटों पर हो रहे मतदान में पहले छ: घंटे में 28..05 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले दो घंटे में जहां 9.93 प्रतिशत वोट पड़े थे वहीं अगले दो घंटे में मतदान प्रतिशत दोगुने से अधिक बढ़ गया है। 12 बजे तक कुल 27.18 प्रतिशत मतदान हो गया। कांकेर में सबसे ज्यादा 34.65 प्रतिशत तो बीजापुर में सबसे कम 9.11 प्रतिशत मतदान हुआ। छत्तीसगढ़ में पहले चरण के तहत 20 सीटों पर हो रहे मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।कांकेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नरहरपुर क्षेत्र में तीन मतदान केंद्र 146, 147, 148 बनाए गए हैं। यहां पर काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं पहुंची हुई है, जो जमीन पर बैठकर अपने मतदान देने का इंतजार कर रही हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, मतदान करने जरूर आएं: बस्तर आईजी
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के 20 सीटों पर जारी मतदान को लेकर बस्तर रेंज के आइजी सुंदरराज पी. ने कहा, आज सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरु हो गई है। इसके मद्देनजर सभी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षित वातावरण में मतदान कराने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। सभी लोगों से अपील करते हैं कि मतदान करने जरूर आएं।
मतदान के बीच छत्तीसगढ़ के वोटर्स से राहुल गांधी ने की ये अपील
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं से कांग्रेस के लिए वोट करने की अपील की है। छत्तीसगढ़ में चल रहे मतदान के बीच राहुल गांधी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, जब इस्तेमाल करें अपना मताधिकार, याद रहे, छत्तीसगढ़ में फिर एक बार, कांग्रेस की भरोसे की सरकार। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ की गारंटी। हम जो कहते हैं, वो कर के दिखा देते हैं! छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार (7 नवंबर) को सुबह सात बजे से शुरू हो चुकी है। यहां पहले चरण में 20 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जारी मतदान पर बोले सीएम बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा चुनाव को लेकर कहा, हमारे 5 साल के काम के कारण नक्सलवाद पीछे हट गया है। पहले सड़क के किनारे मतदान केंद्र थे, अब अंदर के गांवों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अपने ही गांव में लोग मतदान करेंगे।
पूर्व सीएम रमन सिंह बोले- प्रथम चरण में कम से कम 14 सीट पर जीतेगी भाजपा
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने से पहले अपने आवास पर पूजा की। पूर्व सीएम ने कहा, भाजपा कम से कम 14 सीट पर जीतकर प्रथम चरण में आ रही है। फेज 1 भी अच्छा रहेगा, फेज 2 भी अच्छा रहेगा और भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। भूपेश बघेल को ईडी का डर इसलिए है, क्योंकि अपराध किया है। अगर आपने भ्रष्टाचार नहीं किया है तो फिर क्यों डरना।
बस्तर के चांदामेटा गांव के लोगों ने पहली बार किया मतदान
बस्तर जिले का अति संवेदनशील इलाका चांदामेटा गांव में मतदान को लेकर मतदाताओं में खास उत्साह है। यहां 350 मतदाता है। अब तक 40 मतदाताओं ने मतदान किया है। ऐसा गांव, जहां आधी आबादी नक्सल संगठन में जा चुकी थी। पिछले वर्ष यहां कैंप स्थापित किए जाने के बाद ग्रामीण एक बार फिर मुख्यधारा में लौट चुके हैं। कुछ माह पहले खोले गए स्कूल में सुरक्षा बल के साये में मतदान जारी।






















