
जांजगीर – चांपा। नगर सहित जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों और घरों में रात 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्म पर नंद के आनंद भयो जै कन्हैया लाल की जयघोष गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दिन भर उपवास रखकर भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना की। गौशाला नैला, वृंदावन कुटीर जांजगीर, प्रेम मंदिर जांजगीर, शिवरीनारायण, नरियरा और अन्य स्थानों पर जन्मोत्सव मनाया गया। गौशाला स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भगवान को छप्पन भोग लगाया गया। वहीं देर रात मटकी फोडऩे गोविंदाओं की टोली निकली। देर रात तक श्रद्धालु कृष्ण जन्मोत्सव में डूबे रहे।
राधा कृष्ण मंदिर व नैला गौशाला में देर रात तक श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना की और मेले का आनंद लिया। श्री कृष्ण गौशाला में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण के आकर्षक झांकी का दर्शन किया। यहां छप्पन भोग लगाया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा चौक – चौबंद व्यवस्था की गई थी।
श्रद्धालुओं ने इस दौरान मेला का भी आनंद लिया। धर्म सेवा समिति गौशाला सेवा समिति के सदस्य भगवान के दर्शन व प्रसाद वितरण की व्यवस्था में जुटे रहे। नहर पार स्थित राधा कृष्ण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। घरों में भी लोगों ने भगवान कृष्ण की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाया और उन्हें झूला झुलाया।
मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण को वस्त्र व आभूषणों से सजाया गया था। रात 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के बाद विशेष पूजा की गई और महाआरती व प्रसाद वितरण कर जन्म उत्सव मनाया गया।
























