कोरबा। पोड़ीबहार वार्ड के अंतर्गत स्थित प्राचीन तालाब को आखिरकार बेहतर स्थिति में लाया गया है। जन भागीदारी से यह काम संभव हुआ। चैत्र पूर्णिमा को यहां बड़ी संख्या में लोग इक_े हुए। हजारों की संख्या में दीपदान करने से यहां की तस्वीर ने हर किसी को मंत्रमुग्ध किया। शुरुआती तौर पर नौका विहार के माध्यम से भी इस स्थान को पहचान देने का प्रयास हुआ।
29 नंबर वार्ड में स्थित तालाब की बदलाही को लेकर लोगों की नाराजगी थी। हर स्तर पर प्रयास करने के बाद सफलता नहीं मिली तो तय किया गया कि नियमित रूप से श्रमदान करते हुए इसे अच्छी स्थिति में लाने का काम होगा। कुछ महीने पहले 10-15 लोगों ने काम को शुरू किया। प्रचार-प्रसार होने से वे लोग जागरूक हुए जिनका वास्ता किसी न किसी कारण से पोड़ीबहार तालाब में पड़ता रहा है। सैकड़ों की संख्या में लोगों का झुकाव सरोवर को बदहाली से बाहर निकालने की तरह हुआ और उन्होंने अभियान के साथ खुद को जोड़ा। नगर निगम की ओर से संसाधन भी इस काम में लगाए गए। तालाब में जमी जलकुंभियों और अन्य वनस्पतियों के अलावा बड़ी मात्रा में अपशिष्ट को हटाने का काम कर लिया गया। इससे पूरा क्षेत्र साफ हो गया और हर किसी ने इसे महसूस किया। समिति की ओर से हनुमान जन्मोत्सव चैत्र पूर्णिमा को तालाब परिसर में सजावट करने के साथ श्रम उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन व अन्य की उपस्थिति में कार्यक्रम किया गया। नागरिकों ने 5100 दीपक प्रज्जवलित किये और तालाब को आगे भी इसी स्वरूप में बनाए रखने का संकल्प दोहराया। राजेश राठौर, अनूप पासवान, प्रदीप राय और अन्य लोगों की उपस्थिति कार्यक्रम में रही।
पर्यटन केंद्र के रूप में उभारने होगा काम
पोड़ीबहार, एमपी नगर, शिवाजी नगर, आरपी नगर समेत कई वार्डों के लोगों के लिए यह तालाब उपयोग बना हुआ है। हजारों लोगों का संबंध इससे सामाजिक और धार्मिक कार्यों को लिए स्थापित है। लोगों ने इस नाते तालाब को अच्छी स्थिति में रखने का मन बनाया है। नौका विहार की शुरुआत यहां की गई है। कोशिश है कि आगे यह काम जारी रहे और इसे पर्यटन केंद्र बनाया जाए।