जमुई/नवादा। जमुई में सुबह-सुबह भीषण सडक़ हादसा हुआ है। जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 4 गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना अहले सुबह 3 बजे के करीब की है। मामला जमुई जिला के सिकंदरा चौक पर सडक़ हादसे से जुड़ा है। गांव के लोग सोमवार को लखीसराय के अरमा गांव में तिलक देने को गए थे और मंगलवार की सुबह वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिकंदरा चौक पर एक बालू लदे ट्रक ने स्कॉर्पियो में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि घटनास्थल पर वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और रमाकांत सिंह की मौत हो गई।जबकि, वाहन पर सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए घायलों को लेकर लोग नवादा लौट रहे थे। इसी क्रम में अरुण सिंह की मौत हो गई है। अन्य घायलों को इलाज के लिए स्वजन किसी अस्पताल लेकर गए है। बताया जाता है कि घटना सुबह तीन बजे की है। बालू लदा ट्रक जमुई से शेखपुरा की ओर जा रहा था। मृतक अरुण सिंह का शव गांव पहुंच चुका है। रुदन-क्रंदन से गांव में कोहराम मचा है।