जम्मू, २५ जुलाई [एजेंसी]।
आजादी का अमृत महोत्सव में जम्मू-कश्मीर की भागीदारी बहुत बेहतर रही है। इसके तहत डेढ़ लाख समारोह कर यह देश में अग्रणी रहा है। इसमें से 44,652 कार्यक्रम केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने किए हैं। जम्मू कश्मीर में 75 विरासती जगह, 75 पर्यटन गांव, 75 सूफी महोत्सव किए हैं।विभिन्न सांस्कृतिक और खेलकूद की गतिविधियों में 10 लाख युवाओं को शामिल किया है। 15 लाख तिरंगे फहराए गए हैं। 5100 से अधिक युवा क्लब बनाए गए हैं। अब प्रदेश के पंचायत की मिट्टी राष्ट्रीय स्मारक और अमृत वाटिका के लिए नई दिल्ली पहुंचेगी। मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता ने आजादी का अमृत महोत्सव के ग्रैंड फिनाले समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। विभिन्न समारोह पिछले एक साल से अधिक समय से चल रहे हैं।मुख्य सचिव ने डिवीजनल और जिला प्रशासन की सराहना की जिन्होंने पिछले कई महीनों के दौरान कई कार्यक्रम किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे राष्ट्रव्यापी महोत्सव के समापन समारोह पंचायत से शुरू होकर हर स्तर तक किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कार्यालय, स्कूल, कालेज में 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना चाहिए और साफ सफाई के विशेष प्रबंध करने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सभी समारोहों में भाग लें और दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि वह अपने अपने क्षेत्र की पंचायतों हलका के प्रदर्शन की निगरानी करें।मुख्य सचिव ने कहा कि पंचायत प्रभारियों को शामिल करके समारोह किए जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों का चयन किया जाए ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके। संस्कृति और पर्यटन विभाग के सचिव डा. सैयद आबिद रशीद शाह ने कहा कि मेरी माटी मेरा देश-मिट्टी को नमन वीरों का वंदन के तहत कार्यक्रम किए जाएंगे।