
जांजगीर। शुक्रवार को शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई थी। दरअसल, भाजपाईयों के तीन विधानसभा के प्रत्याशी लाव लस्कर के साथ नामांकन दाखिल करने आए थे। तीनों विधानसभा के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता कचहरी चौक के पास थे। जिसमें नेतीजी चौक से कचहरी चौक तक दोनों ओर की सडक़ जाम हो गई थी।
इस दौरान केवल कचहरी चौक में ही ट्रैफिक के जवान सीमित संख्या में मौजूद रहे। जब दोनों ओर की सडक़ जाम हो गई तो एएसपी अनिल सोनी खुद अपनी गाड़ी से उतरे और यातायात व्यवस्था बनाने में जुट गए। उनकी यह पहल कामयाब हुई और वे यातायात व्यवस्था बनाने में कामयाब हुए। उनकी इस पहल से एक ओर लोग सराहना कर रहे थे तो वहीं दूसरी ओर कई जिद्दी कार सवार थे जो रांग साइड से चल रहे थे। उन्हें भी कड़ी समझाइश देते हुए उन्हें फटकार भी लगाई।
दरअसल, इन दिनों मुख्य मार्ग में नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। जिससे सडक़ पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। नाली निर्माण के लिए सडक़ की भी खुदाई की गई है। जिससे बीच शहर में आवागमन करने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि दोनों ओर की सडक़ खचाखच भर गई थी। मेटाडोर व अन्य वाहनों में भाजपा कार्यकर्ता सवार होकर सडक़ पर झंडा बेनर पोस्टर लेकर सडक़ से गुजर रहे थे। जिसके चलते आवागमन प्रभावित हुई। दरअसल, विधानसभा चुनाव में बलों को एएफसटी टीम के अलावा कलेक्टोरेट व अन्य स्थानों में लगा दिया गया है। जिससे बल की कमी महसूस की जा रही है। इसी तरह थानों के बल को चेक पोस्ट में भी लगाई गई है। ऐसे दौर में पुलिस को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में अपराधों की विवेचना में भी दिक्कतें हो रही है।





























