जांजगीर-चांपा। केंचुआ पालन कर एक किसान न केवल खुद को समृद्ध कर रहा है बल्कि अन्य लोगों को इसके पालन का तरीका बता रहा है। एक मु_ी केंचुए की कीमत 262 रुपए है। जिससे किसान को लाखों की आय हो रही है। खास बात यह है कि केंचुआ पालन में ज्यादा जमीन की जरूरत भी नहीं होती।
गोठानों में गोबर से वर्मी कपोस्ट बनाने के लिए इन केंचुओं की सबसे ज्यादा मांग है। जिले के बहेराडीह में केंचुआ पालन 2012 में किसान दीनदयाल यादव ने शुरू किया था। वे अब इसे महिला स्व सहायता समूह के माध्यम से बढ़ा रहे हैं। चार हजार रुपए के केंचुए से यह काम शुरू किया गया था।
अब तक करीब 8 लाख रुपए के केंचुए बेच चुके हैं। महिला समूह की सचिव पुष्पा यादव ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले के अलावा सक्ती, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर जिलों तक यहां से केंचुआ खरीद कर ले जा रहे हैं। इतना ही नहीं अन्य महिला समूहों को केंचुआ पालन की तकनीक भी सिखा रही हैं।