
सुरक्षा संसाधन पर देना होगा ध्यान
कोरबा। दीपावली पर्व को एक सप्ताह का समय शेष रह गया है। इसलिए नगर और जिले के प्रमुख स्थानों पर पटाखा बाजार लगाने के लिए तैयारी तेज हो गई है। नगर में टीपी नगर स्टेडियम, बालकोनगर में रामलीला मैदान, दर्री मुख्य मार्ग और दीपका में नगर पालिका कार्यालय के पास इस तरह की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टोरेट में लाइसेंस शाखा के द्वारा काफी संख्या में कारोबारियों के लाइसेंस नवीनीकृत किये गए हैं और उन्हें वैध तरीके से दुकान लगाने के लिए अनुमति दी गई है। प्रशासन ने कई प्रकार के नियम पटाखा दुकान लगाने के लिए तय किये हैं। इसके अंतर्गत पूरा परिसर टीन के शेड से तैयार होगा और ज्वलनशील सामानों में आग लगने की संभावना से बचने के लिए हर दुकान के सामने रेत से भरी बाल्टियां रखनी होगी। बीच-बीच में अंतर रखने को कहा गया है। इसके अलावा दमकल और दूसरी चीजें भी यहां पर सुनिश्चित की जा रही है। ऐसी चीज जिनका उपयोग करने से आगजनी हो सकती है, उस पर पूरी तरीके से प्रतिबंध रहेगा। कारोबारियों को हर हाल में सभी नियम-शर्तों का पालन करने के लिए कहा गया है।






















