टोल टैक्स वसूली में मनमानी आपत्ति के बाद अब करेंगे पास जारी

कोरबा। जिले के रजकम्मा और अन्य स्थान पर एनएच के टोल प्लाजा में कर वसूली के नियमों पर स्थानीय लोगों ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। आरोप है कि नियम विरूद्ध तरीके से उनसे टैक्स लिया जा रहा है। बार-बार की शिकायतों पर संज्ञान लेने के साथ अब संबंधित प्राधिकरण के द्वारा लोगों को मासिक पास रियायत के साथ देने की बात कही जा रही है। भारतमाला परियोजना अंतर्गत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पथरापाली से कटघोरा रा. रा. क्र. 130 लम्बाई (39.3कि.मी.) का निर्माण राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर स्थित भोजपुरी टोल प्लाजा से लिम्हा टोल प्लाजा तक चार लेन खण्ड की लम्बाई 61 कि.मी. है एवं लिम्हा टोल प्लाजा से मदनपुर टोल प्लाजा तक की शेष चार लेन सडक़ की दूरी 31 कि.मी. है। पथरापाली – कटघोरा खण्ड की कुल लम्बाई 39.3 कि.मी. से केवल 31.08 कि.मी. हेतु मदनपुर टोल प्लाजा पर दिनांक 02.08.2023 से टोल कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग फीस नियम, 2008 खण्ड 8 (2) में 60 कि.मी. के भीतर टोल प्लाजा स्थापना हेतु प्रावधान है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के उसी सेक्शन पर और एक ही दिशा में साठ किलोमीटर की दूरी के भीतर कोई अन्य पथपर प्लाजा स्थापित नहीं किया जाएगा। परंतु जहाँ निष्पादन प्राधिकारी आवश्यक समझे, वहाँ वह लेखबद्ध किए जाने वाले कारणों से, साठ किलोमीटर की दूरी के भीतर कोई अन्य पथकर प्लाजा स्थापित कर सकेगा या स्थापित करने के लिए रियायतग्राही को अनुज्ञान कर सकेगा। जिले में पथरापाली – कटघोरा खण्ड चैनेज संख्या 82+000 पर मदनपुर टोल प्लाजा पर आसपास के लोगों से टैक्स वसूली को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनती रही। लोगों ने इस पर विरोध किया और नियम कायदे याद दिलाए। अब कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग फीस (दरों का अवधारण और संग्रहण) नियम, 2008 के अनुसार टोल प्लाजा से 20 कि.मी. के अंतर्गत निवासरत वाहन चालकों द्वारा संबंधित टोल प्लाजा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर निर्धारित शुल्क पर मासिक पास प्राप्त किया जा सकता है। माना जा रहा है कि अगर लोग इस मामले को लेकर आपत्ति नहीं करते तो मनमानी जारी रहती।

RO No. 13467/11