
वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश की सत्ता संभाल ली है। उन्होंने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद तोपों की सलामी दी गई। जेडी वेंस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली है। शपथ लेने के बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का स्वर्णिम युग शुरू हो गया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रंप को बधाई दी है। भारतीय समय अनुसार, रात लगभग 10.30 बजे ट्रंप ने यूएस कैपिटल के अंदर बाइबिल पर हाथ रखकर शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश जान राबर्ट्स ने उन्हें शपथ दिलाई। ट्रंप से पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शपथ ली। कड़ाके की ठंड के कारण इस बार शपथग्रहण यूएस कैपिटल के अंदर कैपिटल रोटुंडा (हाल) में आयोजित किया गया। कैपिटल रोटुंडा कैपिटल बिल्डिंग में गुंबद के नीचे है। शपथ ग्रहण के बाद अपने जोशीले भाषण में ट्रंप ने 20 जनवरी को ”मुक्ति दिवस” बताया और घोषणा की कि ”अमेरिका का पतन समाप्त हो चुका है” क्योंकि बहुत जल्द परिवर्तन होने वाला है।