नईदिल्ली, 01 जुलाई [एजेंसी]। पुणे, एजेंसी। महाराष्ट्र के बुलढ़ाणा जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। बुलढाणा में एक बस में आग लगने से 25 यात्रियों की मौत हो गई। ये बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में ही दुर्घटना का शिकार हो गई। पुलिस ने बताया कि निजी ट्रैवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी, तभी बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास देर रात करीब 1.30 बजे वह डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद बस में सवार 25 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। इसके साथ ही इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों का इलाज बुलढाणा सिविल अस्पताल में चल रहा है। बुलढाणा के एसपी सुनील कडासने ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का टायर फट गया, जिससे वह एक खंभे और डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि बस में सवार 33 यात्रियों में से 25 की जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी आठ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। सभी सुरक्षित हैं। सुबह 1:35 पर नागपुर से पुणे जा रही एक निजी बस का नियंत्रण बिगडऩे के कारण यह हादसा हुआ। बस चालक का कहना है कि टायर फटने के कारण नियंत्रण बिगड़ा जिसके बाद डीजल टैंक फूटा और आग लग गई। इस हादसे में मरने वालों में तीन बच्चे और अन्य वयस्क हैं। हम शवों की पहचान कर उन्हें उनके परिजनों को सौंपने की कार्रवाई कर रहे हैं। घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।इस हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए, दुर्घटना में मरने वालों के लिए पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। कांग्रेस ने बस हादसे पर दुख जताया है। पार्टी ने ट्वीट कर कहा, दुखद! महाराष्ट्र के बुलढाणा में बस हादसे में 25 लोगों की असमय मृत्यु हो गई। ये बेहद दुखद घटना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। महाराष्ट्र बस हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के बुलढाणा में शनिवार को हुई दुखद बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस दुखद दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। शाह ने हिंदी में ट्वीट किया, मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।