
कोरिया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आ रही नमी के कारण उत्तरी छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली है। शनिवार को विक्षोभ के प्रभाव से सरगुजा सहित कोरिया, सूरजपुर जिले में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे अधिकतम तापमान 42़ 2 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। इसके बाद एक बार फिर से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना है।
इस बार सरगुजा संभाग में पड़ रही भीषण गर्मी ने कई पुराने कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए हैं। मई के दूसरे पखवाड़े से गर्मी में तेजी से वृद्धि होने लगी। तापमान अचानक 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया। हालांकि विक्षोभ के प्रभाव से कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिली लेकिन इसके बाद राजस्थान से आ रही गर्म हवा के कारण तापमान में अत्यधिक वढ़ोतरी हुई। मई के अंतिम सप्ताह में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। नौतपा की शुरूआत 25 मई को तेज वर्षा के साथ हुई।इसके प्रभाव से दो तीन दिन गर्मी से राहत मिली। इसके बाद तापमान में अत्यधिक वृद्धि हो गई। अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार चला गया। लगातार गर्म हवा के कारण न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री तक पहुंच गया। इससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिली।
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून समय से पूर्व दस्तक दे चुका है। सरगुजा में इसके 12 से 15 जून तक सक्रिय होने की संभावना है। इसके दो तीन पूर्व यानी 10 जून के आसपास प्री मानसून वर्षा की संभावना है। इस दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
मानसून से पूर्व सरगुजा संभाग में गर्मी का आखिरी दौर लोगों को एक बार फिर परेशान कर सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान के 43 डिग्री के आसपास तक पहुंचने की संभावना है।