
सीतापुर। जल जीवन मिशन के तहत मानकों के विपरीत हो रहे कार्य अब दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। ललितपुर गुरगुमा में पाइप लाइन विस्तार के लिए खोदे गए असुरक्षित गढ्ढे के कारण तेज गति की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।मृत दोनों युवक आपस मे गहरे मित्र थे।इस दुर्घटना के बाद युवकों के घर में मातम छा गया है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी अनुसार राहुल लकड़ा (20) मोटरसाइकिल से अपने मित्र के साथ रविवार को ग्राम भारतपुर भट्टीपारा आया हुआ था। यहां से काम निपटाकर दोनों रात को ग्राम ललितपुर गुरगुमा में अपने रिश्तेदार के यहां रुक गए थे। यहां से सुबह दोनों मोटरसाइकिल से अंबिकापुर जाने निकले थे।तभी गुरगुमा के पास उनकी तेज गति की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से राहुल एवं उसके दोस्त आर्यन कुजूर निवासी मुसघुटरी महादेवडांड जिला जशपुर की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पोस्टमार्टम के उपरांत दोनों का शव उनके घरवालों को सौंप दिया गया।मृत दोनों युवक गहरे दोस्त थे जो अंबिकापुर में रहकर पढ़ाई किया करते थे।मृतक राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।जो अनियंत्रित गति के कारण जान गंवा बैठा। इस घटना के बाद सदमे में आये मृतकों के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम गुरगुमा में नलजल योजना के तहत पाइप लाइन विस्तार हेतु सडक़ किनारे गड्ढा खोदा गया था।जिसे भरा तो गया था पर समतल नही किया गया था। इसके कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर उस गड्ढे में आ गई।जिसके बाद सवार दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। इस दुर्घटना के बाद सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।





















