कोरबा। अर्धसैनिक बल त्रिपुरा राइफल्स के एक जवान अजब सिंह ने ड्यूटी के दौरान माइंस में खुदकुशी कर ली। उसने अपनी राइफल से खुद पर गोली चला ली और मौके पर ढेर हो गया। मामले की जानकारी कुसमुंडा पुलिस को दी गई है। मर्ग कायम करने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड कुसमुंडा क्षेत्र की माइंस में सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बल त्रिपुरा राइफल्स को जिम्मेदारी दी गई है, उसके अंतर्गत जवान अजब सिंह यहां पर काम कर रहा था। बताया गया की शुक्रवार की रात जवान अपने शिफ्ट ड्यूटी पर मौजूद था तभी उसके द्वारा अपनी राइफल से यह आत्मघाती कदम उठाया गया । माइंस में गोली चलने की खबर सुनकर आसपास में उपस्थित कर्मचारी हरकत में आये। वहां पहुंचने पर पता चला कि माजरा क्या है । जवान के द्वारा खुदकुशी किए जाने की खबर ने एसईसीएल प्रबंधन और त्रिपुरा राइफल्स को सक्ते में डाल दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच इस बारे में जानकारी ली। प्रारंभिक सूचनाओं में बताया गया कि अजब सिंह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। घटना के बारे में कैंप के अधिकारियों ने मृतक जवान के परिवार जनों को अवगत करा दिया है। कई औपचारिकताओं के साथ अजब सिंह का शव उसके घर के लिए रवाना किया जाएगा।