
ट्रैक्टर इंजन में स्कार्पिग से खलिहान में लगी आग
जांजगीर-चांपा। धान मिजाई के दौरान ट्रैक्टर इंजन में स्कार्पिग से उठी चंगारी से खलिहान में आग लग गई। आग से ट्रैक्टर इंजन और थ्रेसर मशीन जल गई। वहीं 2 एकड़ की धान जलकर खाक हो गई। मामला बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर का है।
किसान इन दिनों धान की मिंजाई में व्यस्त है। जल्द से जल्द धान की मिंजाई कर कसान समितियों में बेचना चाह रहे है। समय की बचत के लिए किसान ट्रैक्टर और थ्रेसर के माध्यम से मिंजाई करा रहे है। बलौदा क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में राजकुमार बिंझवार शनिवार 30 नवंबर को अपने खलिहान में थ्रेसर और ट्रेक्टर के माध्यम से धान की मिंजाई करा रहा था। कोठार में करीब 3 एकड़ की फसल रखी थी। वहीं 2 एकड़ के धान की मिंजाई का काम चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के इंजन से चिंगारी उठी। चिंगारी निकलते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई। चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। ट्रैक्टर इंजन और थ्रेसर मशीन को आग की लपटों ने घेर लिया। मिंजाई के लिए रखा धान भी आग की चपेट में आ गया।
आनन फानन में लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल को भी सूचना दी गई। सूचना पर कुछ देर बाद दमकल मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद दमकल ने आग पर काबू पा लिया। इससे आग फैल नहीं सकी। अगर आग फैलती तो. आसपास रखे धान के खलिहान को भी अपनी चपेट में ले लेती। हालांकि आगजनी से किसान राजकुमार बिंझवार के दो एकड़ की धान जलकर पूरी तरह से खाक हो गई।
वहीं मिंजाई के काम में लगा ट्रैक्टर इंजन और थ्रेसर भी जल गया। आगजनी की इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।