
कोरबा। चुनाव आचार संहिता के परिपालन के तारतम्य में जिला पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर तरह के एहतियाति कदम अपना रखा है। इसी परिप्रेक्ष्य में शहर के मोतीसागरपारा निवासी कुख्यात बदमाश एवं पिछले वर्ष हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मामले में जमानत से छूटकर लौटते ही पुन: दहशतगर्दी फैलाने वाले अनेकानेक उपनामों से मशहूर रंजित बरई को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे 110 गुंडा एक्ट में पुन: जेल भेज दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को एक ओर जहां उनके अपने-अपने क्षेत्र के गुंडा बदमाशों एवं अनेकानेक अपराधों में लिप्त लोगों की सूची बनाकर उनके उपर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किये जाने का सख्त निर्देश क्राइम मीटिंग के दौरान पिछले दिनों दिया था जिसका परिपालन भी जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी कर रहे हैं। इसी दिशा में कल सिटी कोतवाली टीआई रूपक शर्मा को जानकारी मिली कि कोतवाली क्षेत्रांतर्गत शहर के हृदय स्थल में स्थित मोतीसागरपारा वार्ड में रहने वाला अनेकानेक नामों से मशहूर कुख्यात बदमाश रंजीत बरई उर्फ शरद बरई उर्फ मोती उर्फ चिन्ना मद्रासी उम्र 25 पिछले वर्ष 2022 में हत्या के वारदात को मोतीसागरपारा में अंजाम देने के बाद जेल गया था। वहां से जमानत पर छूटकर आने के बाद पुन: शहर क्षेत्र में अपनी दहशतगर्दी का जलवा दिखाने पर उतारू हो गया था।
बताया जाता है कि कल लगातार शरद बरई के बारे में शिकायतें मिलने पर टीआई रूपक शर्मा अपने मातहत एएसआई अजय सिंह ठाकुर, टंकेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक ललित खरसन, आरक्षक चंद्रकांत गुप्ता, सुनील राजपूत, श्याम सिदार आदि के साथ मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। जिसके विरूद्ध तत्काल धारा 110 के तहत गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर उसे रिमांड पर कारागार भेज दिया गया।





















