
मेरठ। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मेरठ निवासी पार्टी के नेता नितिन सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वह पार्टी के सेंट्रल कॉर्डिनेटर, दिल्ली प्रदेश के प्रभारी समेत कई प्रदेशों के प्रभारी हैं। उन्हें पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ के साथ ही निष्कासित किया गया है। दोनों पर गुटबाजी का आरोप लगा है। उनके निष्कासन व आरोप से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि दिल्ली चुनाव संपन्न होने पर आखिर निष्कासन क्यों किया गया।
वह दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार में भी सक्रिय थे। मंगल पांडे नगर निवासी नितिन एक बार मेरठ मंडल के भी कोर्डिनेटर रहे हैं। उनके नाना हस्तिनापुर के विधायक रहे हैं। मायावती ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि चेतावनी के बावजूद भी गुटबाजी आदि पार्टी की विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण पार्टी के हित में तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है। इस पर नितिन ने कहा कि वह आरोपों पर कुछ नहीं कहना चाहते। पार्टी का आदेश सर्वोपरि है। वह पार्टी के मिशनरी सिपाही हैं इसलिए बाहर रहकर भी पार्टी की सेवा करते रहेंगे।