जांजगीर-चांपा। देवरी में पिकनीक मनाने गए दो युवक हसदेव नदी में डूब गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एक युवक की लाश निकाली गई। वहीं एस डी आर एफ की टीम दूसरे युवक की तलाश में जुटी है। अक्टूबर माह में भी इसी स्थान पर दो युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई थी।
बलौदा क्षेत्र का पिकनीक स्पॉट देवरी डेंजर स्पॉट बन गया है। यहां चट्टानों के बीच से हसदेव नदी गुजरती है। इस जगह पर पिकनीक मनाने दूर दूर से लोग आते हैं। इस दौरान नदी में नहाने के दौरान लोग हादसे का शिकार भी हो रहे हैं। शुक्रवार को भी यहां दो युवक हादसे का शिकार हो गए। कोरबा जिले के दीपका से 24 वर्षीय अश्वनी सिंह और 19 वर्षीय सुमित सिंह अपने अन्य दोस्तों के साथ पिकनीक
मनाने देवरी पहुंचे थे। इस दौरान दोपहर करीब 3 बजे दोनों अपने अन्य दोस्तों के साथ नहाने के लिए नदी में उतर गए। नदी में नहाते हुए अश्वनी और सुमित गहराई में चले गए और पानी में डूब गए। घटना की सूचना बलौदा पुलिस को दी गई।
बलौदा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव कुछ ही देर में अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एस डी आर एफ को सूचना दी गई और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवकों की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद अश्वनी सिंह की लाश नदी से निकाल ली गई। शाम को एसडी आरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की मदद से पुलिस सुमित की तलाश में जुटी है। खबर लिखे जाने तक सुमित का पता नहीं चल सका है।
देवरी चिचोली बना डेंजर स्पॉट
देवरी चिचोली पिकनीक स्पॉट डेंजर जोन बन गया है। इस स्थान पर आए दिन हादसे होते ही रहते हैं। हादसों में लोगों की जान जा रही है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने का अलर्ट भी जारी किया है। इसके बावजूद लापरवाही से लोगों की जान जा रही है। अक्टूबर माह में ही यहां नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हुई थी। देवरी में चट्टानों के बीच से नदी बहती है। कई जगह पर चट्टानों के पास गहराई ज्यादा है। लोगों को इसका अंदाजा नहीं हो पाता और ऐसे ही स्थानों पर हादसे का शिकार हो जाते हैं। ज्यादातर शहरी क्षेत्र के लोग पिकनिक मनाने पहुंचते है। शहरों में रहने वालों को तैराकी नहीं आती। पिकनिक का आनंद लेने के लिए लोग नदी में उतर जाते है। नहाते नहाते वे गहराई में चले जाते है और तैरना नहीं आने के कारण डूब जाते है।