श्रीनगर, ०८ जुलाई [एजेंसी]। पुलिस ने दो नाबालिग किशोरियों को अगवा कर उन्हें अपनी हवस का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी जिला बारामुला के रहने वाले हैं जबकि पीडि़त लड़कियां श्रीनगर की रहने वाली हैं।पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लालबाजार पुलिस स्टेशन में गत रोज दो परिवारों ने शिकायत दर्ज कराई की उनकी नाबालिग बच्चियों को अगवा कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज किया और छानबीन शुरु कर दी । कुछ ही देर में पुलिस ने दो अपहणकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनकी चंगुल से दोनों लड़कियों को छुड़ा लिया।पीडि़त लड़कियों में एक की उम्र 12 वर्ष और दूसरी की 13 वर्ष है। पीडि़त लड़कियों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए अपने साथ दुष्कर्म की जानकारी दी। दोनों के स्वास्थ्य की जांच कराई गई और उसमें उनके साथ अनाचार की पुष्टि हुई।इस आधार पर पुलिस दोनों आरोपितों के खिलाफ अगवा, जान से मारने, छेडख़ानी, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रवक्ता ने बताया कि एक आरोपी की पहचान 24 वर्षीय हिलाल राथर निवासी हैगाम सोपोर बारामुला और दूसरे की पहचान 30 वर्षीय शब्बीर मीर निवासी करीरी बारामुला के रूप में हुई है। दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।