
रायपुर। नारायणपुर के अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों द्वारा 10 नक्सलियों के मार गिराए जाने को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों की बड़ी सफलता बताया है। सीएम साय ने अपने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा कि नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिलने की सूचना है। अब तक 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। निश्चित ही सुरक्षाबलों को यह बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। उनके हौसले और बहादुरी को सलाम करता हूं। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी सरकार मजबूती से लड़ाई लड़ रही है, जिसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश में चल रही मोदी लहर से घबराकर कांग्रेस नेता अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। वे भ्रम फैला रहे हैं कि मोदी की सरकार बनने पर संविधान और आरक्षण खत्म हो जाएगा। मोदी की गारंटी है कि न तो संविधान खत्म होगा और न ही आरक्षण की व्यवस्था। आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों को आरक्षण पूर्व की भांति लागू रहेगा। कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए अब मोदी की गारंटी के बारे में दुष्प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन को लेकर भी कांग्रेस भ्रम फैला रही है कि योजना सिर्फ चुनाव तक ही चलेगी। मोदी की गारंटी है कि योजना की राशि हर माह महिलाओं को मिलेगी। लोकसभा चुनाव में करारी हार देखकर कांग्रेस ने अब झूठ को ही हथियार बना लिया है। कांग्रेसी तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। वे सत्ता पाने के बाद लोगों को लूटने लगते हैं। कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन की तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परिवारवाद की राजनीति नहीं करते हैं। सभी देशवासियों को अपना परिवार समझते हैं।






















