नगर पंचायत क्षेत्र की जनता को अषाढ़ से पहले जूझना पड़ रहा पानी के लिए

कोरबा। नगर पंचायत छुरी कला के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। जल आवर्धन योजना में 16 करोड़ खर्च करने के बाद भी टैंकर के भरोसे रहना पड़ रहा है। यह समस्या पहले कभी नहीं हुई। वार्ड क्रमांक 14 भाठापारा के लोग तो ढोंढ़ी से पानी लाकर अपना काम चला रहे हैं। एक-एक बूंद पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।
छुरी कला में जल आवर्धन योजना पिछले साल ही पूरी हुई। यहां 15 वार्ड है। आबादी भी 15 हजार के करीब पहुंच गई है। वार्ड क्रमांक 14 में तो 10 दिनों से पानी की सप्लाई ठप है। यहां लगा पंप भी बंद पड़ा हुआ है। भाठापारा नगर का सबसे बड़ा वार्ड है, जहां की आबादी करीब 3500 है। इस वार्ड में पानी सप्लाई के लिए कई जगह बोर की व्यवस्था की थी, जो खराब पड़ा हुआ है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और नगर प्रशासन की अनदेखी के कारण लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा है।इसके साथ ही बिजली की समस्या भी बढ़ गई है। रोजाना पांच से सात घंटे तक बिजली बंद रहती है। इसके बाद भी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि और अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर नीलम देवांगन थी। उस समय इन समस्याओं को लेकर सक्रिय रहती थी, लेकिन अध्यक्ष देवांगन को अविश्वास प्रस्ताव लाकर हटा दिया था। 6 महीने बाद भी यहां कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं की है। राजनीतिक उठापटक और आपसी विवाद के कारण पार्षद अब तक अध्यक्ष नहीं चुन सके हैं। इसके अलावा बिझंपुर और बेलहाभाठा में तो पाइपलाइन ही नहीं बिछी है। छुरी में पुरानी पाइप लाइन से ही काम चल रहा है। 9 वार्ड में पाइप लाइन है, पर ओवरहेड टंकी से पुरानी टंकियों को नहीं जोड़ा। पाइपलाइन के लिए 14.64 करोड़ का प्रस्ताव बनाया, काम शुरू नहीं हुआ है। पीएचई के कार्यपालन अभियंता अनिल कुमार बच्चन का कहना है कि जल आवर्धन से पानी की सप्लाई हो रही है। जहां पाइपलाइन नहीं बिछी है, वहां के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
नई पाइप लाइन बिछाने 14.64 करोड़ का प्रस्ताव
पानी की समस्या काफी गंभीर प्रशासन संज्ञान में ले: देवांगन नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष नीलम देवांगन का कहना है कि पानी की गंभीर समस्या है। टैंकर भी पर्याप्त पानी नहीं दे रहा है। प्रशासन को इस और ध्यान देने की जरूरत है। जो काम अधूरे हैं, उसे भी पूरा किया जाए। दलगत राजनीति से उठकर जनप्रतिनिधियों को भी सामने आना होगा।

RO No. 13467/10