
बिश्रामपुर। शुक्रवार की रात नगर के बस स्टैंड स्थित हाट बाजार के सामने तेज रफ्तार बस की चपेट में आकर कुचल जाने के कारण द्विवेदी डेली सर्विस के संचालक सुरेशचंद्र द्विवेदी की मौत हो गई। युवकों ने खूनी बस के चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पतरापाली निवासी सुरेशचंद्र द्विवेदी पिता स्वर्गीय बनारसी द्विवेदी 57 वर्ष द्विवेदी डेली सर्विस के संचालक थे। वे अपनी पांच वाहनों से अंबिकापर से बैकुंठपुर तक के कारोबारियों का सामान लाने का काम करते थे। शुक्रवार को भी सुबह वे अपन वाहनों को बैकुंठपुर से अंबिकापुर ले गए थे। वहां से लौटते समय बिश्रामपुर हाईवे पर उन्होंने सामान लोड करने अपनी पिकप को महामाया जनरल स्टोर के गोदाम में खड़ी की थी। उसके बाद वे पैदल बस स्टैंड तरफ जा रहे थे। उसी दौरान अंबेडकर चौक तरफ से कोयला कामगारों को लेकर गायत्री खदान जा रही एसईसीएल द्वारा अनुबंधित सिंह बस क्रमांक सीजी 15 एबी 0816 के चालक विनोद पनिका पिता एडू पनिका निवासी रतनपुर ने शराब के नशे में बस को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए सुरेश चंद्र को जोरदार टक्कर मार कर कुचल दिया। इससे घटनास्थल पर ही सुरेश चंद्र की मौत हो गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी दो युवकों ने बस को लेकर भाग रहे चालक विनोद को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना स्थल पर ही तत्काल पुलिस के पहुंच जाने पर बस चालक आक्रोशित भीड़ का कोप भाजन होने से बाल बाल बच गया। वह अत्यधिक शराब के नशे में था। बस चालक का डाक्टरी मुलाहिजा कराने पर संबंधित चिकित्सक ने भी ड्राइवर के शराब सेवन करने की पुष्टि की। मामले में सौभाग्य दुबे की रिपोर्ट बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपित बस चालक विनोद पनिका के विरुद्ध धारा 279, 304 ए के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बस को भी बरामद कर लिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के घर पतरापाली में कोहराम मच गया है।


























